भारत-पाक तनाव चरम पर: जैसलमेर बाड़मेर में ब्लैक आउट, सीमावर्ती गांव खाली,

LOC पर गोलीबारी में 17 नागरिकों की मौत
नई दिल्ली/जैसलमेर/जम्मू। भारत और पाकिस्तान के बीच हालात युद्ध जैसे बनते जा रहे हैं। सीमाओं पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को चंडीगढ़ और अंबाला में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया। चंडीगढ़ में सेना की वेस्टर्न कमांड और NIA कार्यालय स्थित है, वहीं अंबाला में एयरफोर्स स्टेशन होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
राजस्थान में गांव खाली, आयोजनों पर रोक
पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर जिले में हालात गंभीर हो गए हैं। सीमा से 20 किलोमीटर के भीतर बसे गांवों को खाली करवाया जा रहा है। जैसलमेर में एक महत्वपूर्ण सैन्य स्टेशन है और इसके पास पाकिस्तान सीमा का 500 किलोमीटर लंबा क्षेत्र लगता है। सुरक्षा कारणों से जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में सभी आयोजनों पर रोक लगा दी गई है तथा शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक ब्लैकआउट की व्यवस्था की गई है।
LOC पर भारी गोलीबारी, 17 नागरिकों की मौत
जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से लगातार तीसरे दिन भारी गोलीबारी जारी है। पाकिस्तानी फौज द्वारा की गई फायरिंग में अब तक 17 नागरिकों की जान जा चुकी है, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। भारतीय सेना और BSF ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सांबा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 7 आतंकियों को ढेर कर दिया।
ड्रोन और मिसाइल हमले नाकाम, S-400 और ‘आकाश’ से जवाब
गुरुवार रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में कुल 11 स्थानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इनमें जम्मू एयरपोर्ट और पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन को आत्मघाती ड्रोन से निशाना बनाया गया। भारत ने अपनी वायु सुरक्षा प्रणालियों—S-400 और आकाश मिसाइल सिस्टम की मदद से इन हमलों को विफल कर दिया। अब तक 50 से अधिक पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराए गए हैं। पठानकोट क्षेत्र में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट को भी गिराए जाने की खबर है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रक्षा व गृह मंत्रालय सक्रिय
देश की सुरक्षा स्थिति को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नेवी चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और CDS जनरल अनिल चौहान ने ताजा हालात से अवगत कराया। गृहमंत्री ने भी BSF और CISF अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-पाक सीमा और एयरपोर्ट्स की सुरक्षा की समीक्षा की।




