श्री शक्ति धाम सेवा समिति की 33वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न
नया संविधान सर्वसम्मति से पारित, वर्षभर की गतिविधियों की सराहना

सूरत, 26 जुलाई। श्री शक्ति धाम सेवा समिति, सूरत की 33वीं वार्षिक साधारण सभा रविवार को समिति कार्यालय, 53 आंचल सोसायटी में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद सर्राफ ने की। निर्धारित समय पर कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक को आधे घंटे बाद पुनः प्रारंभ किया गया।
सभा की शुरुआत में अध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए समिति की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इसके बाद सचिव अनूप कुमार जालान ने पिछली वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही का वाचन किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष अजय कुमार पाटोदिया ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद सर्राफ ने समिति द्वारा गत वर्ष किए गए धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए निर्वाचित 11 सदस्यों की घोषणा की गई, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
सभा के दौरान समिति के पुराने संविधान में आवश्यक संशोधनों की जरूरत पर चर्चा की गई। इसके लिए तैयार किए गए नए संविधान का विस्तृत विवरण सदस्यों के समक्ष रखा गया। सभी सदस्यों ने नए संविधान को सर्वसम्मति से पारित करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति भी प्रदान की।
इस अवसर पर संजय सरावगी, राजकिशोर शाह, विश्वनाथ पचेरिया, विनोद गोयल एवं सुभाष अग्रवाल (सुभाष साड़ी) ने समिति द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद सर्राफ एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
सभा के अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समिति के प्रति सहयोग एवं विश्वास बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने वार्षिक साधारण सभा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।




