कपड़ा व्यापारी से 34.76 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार,
महीधरपुरा पुलिस की कार्रवाई, दलालों के जरिए माल मंगवाकर नहीं किया भुगतान, दुकानें और मोबाइल बंद कर हुआ था फरार

सूरत। सूरत के महीधरपुरा पुलिस स्टेशन की टीम ने कपड़ा व्यापारी के साथ 34,76,989 रुपये की धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के मामले में मुख्य आरोपी शैल उर्फ शाहील भरतभाई शेठ (29) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से आपराधिक साजिश रचते हुए दलालों के माध्यम से व्यापारी से कपड़े का माल मंगवाया, लेकिन न तो भुगतान किया और न ही माल लौटाया। इसके बाद अपनी दुकानें और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में महीधरपुरा पुलिस स्टेशन में बीएनएस-2023 की धारा 316(5), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, कई दलालों ने मिलकर व्यापारी से कपड़े का माल मंगवाया और उसे अपने परिचित व्यापारियों की दुकानों पर भिजवाया। बाद में 34.76 लाख रुपये का भुगतान किए बिना आरोपी फरार हो गए।
सूरत पुलिस आयुक्त वाबांग जामीर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बलराम मीणा, डीसीपी राघव जैन तथा एसीपी आर.आर. आहिर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डी.यू. बारड के निर्देशन और पीआई यू.जे. जोशी की निगरानी में पीएसआई डी.के. बोराणा एवं पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात एवं अन्य मामलों के डीसीबी, सलाबतपुरा, सरथाणा और कतारगाम पुलिस स्टेशनों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच कर रही है।




