कोयंबटूर तेरापंथ महिला मंडल की वार्षिक साधारण सभा संपन्न, वर्षभर की गतिविधियों का प्रस्तुत किया गया लेखा-जोखा

कोयंबटूर, 23 जुलाई 2026। गांधी पार्क स्थित तेरापंथ भवन में तेरापंथ महिला मंडल, कोयंबटूर की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष बबीता गुनेचा द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ।
मंडल अध्यक्ष रूपकला भंडारी ने उपस्थित सभी सदस्याओं का हार्दिक स्वागत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी साझा की। इसके बाद मंडल की बहनों ने जोशपूर्ण मंडल गीत प्रस्तुत कर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। मंत्री रेखा मरोठी ने पिछली वार्षिक साधारण सभा के मिनट्स का वाचन कर उन्हें सदन से पारित कराया तथा एक वर्ष के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सभा में कन्या मंडल उपसंयोजिका तन्वी बुच्चा ने “मर्यादा हमारी पहचान बने” विषय पर प्रेरक वक्तव्य दिया। उपाध्यक्ष विजया गेलरा ने मंडल के संविधान की जानकारी दी, जबकि कोषाध्यक्ष सविता भंडारी ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्याओं ने सर्वसम्मति से पारित किया।
कार्यक्रम के दौरान जैन विद्या आंचलिक संयोजिका वंदना पारख ने सभी को जैन विद्या परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कन्या मंडल सहप्रभारी डिंपल बोथरा ने कन्या मंडल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। आगम मंथन संयोजिका एवं तत्वज्ञान परीक्षा व्यवस्थापिका हेमा भंसाली ने आगम मंथन प्रतियोगिता एवं तत्वज्ञान परीक्षा की जानकारी देते हुए सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रेक्षा प्रवाह–”शक्ति एवं शांति” कार्यशाला में जागरूकता के साथ सक्रिय सहभागिता निभाने पर मंजू गिडिया का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रचार-प्रसार मंत्री ज्योति सुराणा एवं सहमंत्री अपराजिता नाहटा ने किया। अंत में सहमंत्री अपराजिता नाहटा ने धन्यवाद ज्ञापन व्यक्त किया तथा संघगान के साथ वार्षिक साधारण सभा का सफल समापन हुआ।



