Textileसूरत सिटी

सूरत अगले पांच वर्षों में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा एयर जेट लूम्स हब: हर्ष संघवी

वीवर्स कंसल्टेशन कॉन्फ्रेंस में टेक्सटाइल उद्योग के आधुनिकीकरण, वैल्यू एडिशन और गारमेंटिंग को बढ़ावा देने पर जोर

सूरत। शहर के वस्त्र उद्योग को नई दिशा देने और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिक्योर एयरजेट वीवर्स एसोसिएशन द्वारा सानिया हेमाद में ‘वीवर्स कंसल्टेशन कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गुजराती उद्यमियों की दूरदर्शी सोच और नई तकनीक को तेजी से अपनाने की क्षमता के कारण सूरत अगले पांच वर्षों में दुनिया का सबसे बड़ा एयर जेट लूम्स हब बनने की ओर अग्रसर है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में सूरत में लगभग 30 हजार आधुनिक एयर जेट लूम्स संचालित हो रहे हैं और अगले एक वर्ष में 10 से 15 हजार नई मशीनें स्थापित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग समर्थक नीतियां, आधुनिक बुनियादी ढांचा और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

हर्ष संघवी ने उद्योग जगत से केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि वैल्यू एडिशन, गारमेंटिंग और पर्यावरण-अनुकूल उच्च गुणवत्ता वाले टेक्सटाइल उत्पादों के निर्माण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की प्रतिस्पर्धा में वही उद्योग आगे रहेगा, जो गुणवत्ता और नवाचार को प्राथमिकता देगा।

उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार ने टेक्सटाइल नीति के तहत पिछले एक वर्ष में उद्योगों को 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। साथ ही प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेज करते हुए एमएसएमई से संबंधित फाइलों के निस्तारण की क्षमता 170 से बढ़ाकर 397 फाइल प्रतिदिन कर दी गई है, जिसे जल्द ही 500 फाइल प्रतिदिन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इससे उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि समय पर सीधे बैंक खातों में प्राप्त होगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पीएम मित्र पार्क परियोजना की निविदा प्रक्रिया जारी है। इसके पूर्ण होने पर दक्षिण गुजरात में देश का सबसे बड़ा टेक्सटाइल इकोसिस्टम विकसित होगा, जिससे सूरत का वस्त्र उद्योग वैश्विक प्रतिस्पर्धा में और अधिक सशक्त बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button