प्रेम, अपनत्व और संस्कृति का संगम बना ‘म्हारी बहु, म्हारी बेटी’ का तृतीय स्नेह मिलन

सूरत। सिवाना महिला (बहु) ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित “सिवाना गौरव सम्मेलन –म्हारी बहु,म्हारी बेटी” के अंतर्गत तृतीय स्नेह मिलन समारोह संस्कार भवन, भटार रोड में हर्षोल्लास, उत्साह और आत्मीय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में बहुओं, बेटियों एवं महिलाओं ने भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन से हुआ। इस अवसर पर कमलादेवी कानूंगा एवं निर्मला चौधरी ने सभी अतिथियों, बहु-बेटियों और महिलाओं का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे स्नेह मिलन कार्यक्रम समाज की महिलाओं के बीच प्रेम, अपनत्व, संस्कार, संगठन और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने समाज की नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने और महिलाओं को एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा करने का भी आह्वान किया।
समारोह के दौरान प्रस्तुत नाटक, मनोरंजक गेम्स, लकी ड्रॉ तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों ने उपस्थित महिलाओं और बेटियों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उल्लास और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं सहज संचालन सिद्धि कानूंगा ने किया। उनकी सशक्त एवं आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा और सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
आयोजन की सफलता में सिवाना महिला (बहु) ग्रुप की समस्त कार्यकारिणी एवं सदस्यों के अथक परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सुव्यवस्थित प्रयासों से यह तृतीय स्नेह मिलन समारोह समाज की महिलाओं के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी आयोजन बन गया।



