सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

भेस्तान तेरापंथ महिला मंडल की प्रथम वार्षिक साधारण सभा आयोजित

10 माह की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत, प्रतिभागियों का सम्मान एवं विभिन्न आयामों से जुड़ने का आह्वान

सूरत। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में भेस्तान तेरापंथ महिला मंडल की प्रथम वार्षिक साधारण सभा का आयोजन मंगलवार को तेरापंथ भवन में किया गया। दोपहर 2:30 बजे आयोजित सभा का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र एवं प्रेरणा गीत के साथ हुआ।

महिला मंडल की अध्यक्षा मधु आँचलिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए पिछले 10 माह के कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए पदाधिकारियों, कार्यकारिणी, सभा एवं परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद शीतल गोखरू ने संविधान वाचन किया तथा वर्ष 2025-26 के 10 माह का मंत्री प्रतिवेदन वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष ममता मेहता ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण सभा के समक्ष रखा।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में बीते 10 माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। अध्यक्षा मधु आँचलिया ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला मंडल के केंद्र द्वारा निर्देशित चार प्रमुख आयामों की विस्तृत जानकारी देते हुए बागवान, अंकुरम, हमसफर एवं जागृति जैसी योजनाओं से अधिकाधिक महिलाओं को जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन खुशबू चोरड़िया एवं ममता मेहता ने संयुक्त रूप से किया। सभा अध्यक्ष नेमीचंद पितलिया ने अपनी टीम के साथ विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। युवक परिषद ने महिला मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए सहयोग का विश्वास दिलाया। अंत में लता कोठारी ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएं एवं समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button