
सूरत। सारोली पुलिस ने कपड़ा व्यापार में 22.91 लाख रुपये की ठगी और आपराधिक विश्वासघात के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने दलाल के साथ मिलकर व्यापारी से लाखों रुपये का ग्रे कपड़ा मंगवाया था, लेकिन भुगतान नहीं किया। सारोली
पुलिस सूत्रों के अनुसार उभेल गांव, कामरेज स्थित “टेक्सपिन टेक्सटाइल” के प्रोपराइटर अजयभाई मगनभाई नरोडिया ग्रे कपड़े का व्यापार करते हैं। सारोली स्थित कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाईल मार्केट के कपड़ा व्यापारी आरोपी मुकेशभाई डोशी, जो “भाग्यश्री फैशन” के प्रोपराइटर हैं , ने दलाल भरत दरक उर्फ विवेक पांडे के माध्यम से अजयभाई से संपर्क किया था। दोनों ने मीठी-मीठी बातें कर व्यापारी का विश्वास जीता और व्यापार शुरू किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 10 अप्रैल 2025 से 6 मई 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 23.41 लाख रुपये का ग्रे कपड़ा मंगवाया गया। इसमें आरोपी ने केवल 50 हजार रुपये का भुगतान किया, जबकि शेष 22.91 लाख रुपये आज तक नहीं चुकाए। रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और झूठे आश्वासन देता रहा।
इस मामले में सारोली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(5) और 54 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त अनुपमसिंह गहलौत, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-1, डीसीपी जोन-2 और एसीपी ‘डी’ डिवीजन के निर्देश पर सारोली पुलिस निरीक्षक एस.आर. वेकरिया के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक यू.बी. मेंदपरा और सर्विलांस टीम को तकनीकी व मानव सूत्रों से सूचना मिली कि आरोपी मुकेश कुमार शांतिलाल दोशी (58), निवासी ऋषिविहार टाउनशिप, माधवबाग, पर्वत पाटिया, सूरत, मूल निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान), गोडादरा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ हजीरा पुलिस थाने में वर्ष 2022 में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस केस में पूर्व में गिरफ्तार दलाल भरत दरक उर्फ विवेक पांडे (37), निवासी परवतगाम, सूरत, मूल निवासी नागौर (राजस्थान), की भूमिका भी सामने आई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी व्यापारियों का विश्वास जीतकर पहले समय पर भुगतान करते और बाद में बड़ी मात्रा में माल लेकर रकम हड़प लेते थे। मामले की आगे जांच जारी है।



