सूरत नगर निगम की 12 समितियों में नए चेयरमैन-उपाध्यक्ष घोषित
7 जुलाई को पहली बैठक में होगी आधिकारिक नियुक्ति, विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद
सूरत। सूरत नगर निगम (एसएमसी) की 12 वैधानिक एवं विशेष समितियों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने नए चेयरमैन और उपाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बाद घोषित इस नई टीम में अनुभव, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, सामाजिक संतुलन तथा संगठन के प्रति सक्रिय योगदान को प्राथमिकता दी गई है।
स्वास्थ्य समिति की कमान अशोक रांदेरिया को सौंपी गई है, जबकि विक्रम देसाई उपाध्यक्ष होंगे। सार्वजनिक निर्माण समिति के चेयरमैन राजेंद्र पटेल तथा उपाध्यक्ष शीतल प्रतीक पटेल बनाए गए हैं। जल समिति की जिम्मेदारी रश्मिबेन साबू और उपाध्यक्ष महेशकुमार मकवाना को दी गई है। गटर (सीवरेज) समिति में रवींद्र विट्ठलभाई खेरनार चेयरमैन और रजनीत देसाई उपाध्यक्ष होंगे।
टाउन प्लानिंग समिति की अध्यक्षता महेंद्र देसाई करेंगे, जबकि अशोक मांगीलाल शाह उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। कानून समिति की जिम्मेदारी मोहिनीबेन राठौड़ को दी गई है तथा काव्याबेन पटेल उपाध्यक्ष होंगी। सोशल वेलफेयर एवं आनंद-प्रमोद सांस्कृतिक समिति में राजेश राणा चेयरमैन और ईश्वरभाई नरोला उपाध्यक्ष होंगे।
हॉस्पिटल रिलीफ एवं हेल्थ प्रमोशन समिति में अलकाबेन पाटिल चेयरमैन और हेमाक्षीबेन चौहान उपाध्यक्ष बनाई गई हैं। हाउसिंग एवं पार्क्स समिति में सुरेशभाई धमेलिया और विधिबेन राठौड़ को जिम्मेदारी दी गई है। स्लम इम्प्रूवमेंट समिति में दिग्विजयसिंह बराड़ तथा वंदनाबेन घोघरी को स्थान मिला है।
लाइट एवं फायर समिति में सोनूबेन आंबलिया और सुधाबेन राजेश पांडे, जबकि सार्वजनिक परिवहन समिति में मनीषभाई चिमनभाई पटेल और रीनासिंह अजीतसिंह राजपूत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने इस सूची में वरिष्ठ नेताओं के साथ युवाओं और महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर संतुलित नेतृत्व का संदेश दिया है। सभी नए पदाधिकारियों की 7 जुलाई को होने वाली पहली बैठक में आधिकारिक नियुक्ति के बाद वे कार्यभार संभालेंगे।




