
सूरत। सारोली स्थित कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल्स मार्केट के एक साड़ी व्यापारी के साथ 23.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सारोली पुलिस ने आरोपी कपड़ा व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान निवासी तथा वर्तमान में पर्वत पाटिया स्थित व्रजभूमि हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले अनिलकुमार जुगलकिशोर पारेख (44) सारोली स्थित कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल्स मार्केट में “जेफ्रोन डायमार्ट” नाम से साझेदारी में फिनिश साड़ियों का कारोबार करते हैं।
जनवरी 2026 में रिंग रोड स्थित साईं दर्शन मार्केट में “जय जीन फैब” नाम से कारोबार करने वाले नितेश कुमार सांवरमल अग्रवाल ने अनिलकुमार से संपर्क किया। आरोपी ने समय पर भुगतान करने और बाजार की परंपरा के अनुसार व्यापार करने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों पर विश्वास कर अनिलकुमार ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 32,09,431 रुपये की फिनिश साड़ियों की आपूर्ति की।
व्यापारी का विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने शुरुआत में 8,65,333 रुपये का भुगतान भी कर दिया। लेकिन बाद में शेष 23,44,000 रुपये का भुगतान टालता रहा। लगातार तकादा करने पर आरोपी बहाने बनाने लगा और बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
जब अनिलकुमार अपनी रकम वसूलने के लिए आरोपी की दुकान पर पहुंचे तो पता चला कि नितेश कुमार अग्रवाल दुकान बंद कर सामान समेटकर फरार हो चुका है।
इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने सारोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी नितेश कुमार सांवरमल अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।




