केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर से ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया
किया अहमदाबाद, सूरत, राजकोट समेत गुजरात के सभी बड़े शहरों में दोपहिया, ऑटो और चारपहिया श्रेणी में शुरू होगी सेवा

गांधीनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र से सहकारिता आधारित मोबिलिटी मंच ‘भारत टैक्सी’ का गुजरात में शुभारंभ किया। इस सेवा का उद्देश्य टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों को मालिकाना हिस्सेदारी, सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि से जोड़ते हुए नागरिकों को भरोसेमंद एवं सेवा आधारित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य गृह मंत्री हर्ष संघवी , सहकारिता मंत्री जीतुभाई वाघाणी, राज्य सहकारिता मंत्री रमेशभाई कटारा, सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भुतानी, मुख्य सचिव मनोज दास तथा भारत टैक्सी के अध्यक्ष डॉ. जयेन मेहता समेत सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधि, अधिकारी और वाहन चालक मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा कि आज देश के मोबिलिटी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के साथ परिवहन सेवाओं की आवश्यकता घर-घर तक पहुंच गई है। अब टैक्सी की अवधारणा केवल चार पहिया वाहनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि दोपहिया, ऑटो और अन्य शहरी परिवहन सेवाएं भी इसका हिस्सा बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात में ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत सहकारिता के माध्यम से बढ़ती परिवहन जरूरतों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों दोनों को लाभ मिलेगा।



