क्राइमसूरत सिटी

40 लाख की अंगड़िया ठगी का पर्दाफाश, तीन आरोपियों को राजस्थान से पकड़ा

अडाजन के मार्बल कारोबारी से बेंगलुरु भेजी गई रकम में खेल, दामाद को नकली गड्डियां थमाकर सूरत से 40 लाख लेकर फरार हुए बदमाश

सूरत। अडाजन के मार्बल कारोबारी के साथ 40 लाख रुपये की अंगड़िया ठगी के सनसनीखेज मामले में महिधरपुरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर गिरोह ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि नोटों की गड्डियों के ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के असली नोट रखे, जबकि बीच में कोरे कागज भर दिए। बेंगलुरु में व्यापारी के दामाद को नकली गड्डियां थमाकर सूरत से 40 लाख रुपये लेकर आरोपी फरार हो गए।

महिधरपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अडाजन के हनीपार्क रोड स्थित उपवन रो-हाउस निवासी तथा लस्काणा में मार्बल का कारोबार करने वाले महेंद्रकुमार शाह के बेंगलुरु निवासी दामाद ने सूरत में प्लॉट खरीदने के लिए 40 लाख रुपये नकद रखे थे। प्लॉट का सौदा नहीं होने पर यह रकम वापस बेंगलुरु भेजनी थी। इसके लिए महेंद्रकुमार शाह ने अंगड़िया का काम देखने वाले भावेश नामक व्यक्ति से फोन पर संपर्क किया और रकम सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।

योजना के तहत भावेश ने अपने दो साथियों के जरिए बेंगलुरु में महेंद्र शाह के दामाद को नोटों की गड्डियां सौंप दीं। गड्डियों के ऊपर और नीचे 500 रुपये के असली नोट रखे गए थे, जबकि बीच में कोरे कागज भरे गए थे। इसी दौरान गिरोह का सदस्य क्षेत्रपाल सूरत के महिधरपुरा स्थित गलेमंडी रोड पर विधि अंगड़िया पेढ़ी की ऑफिस पहुंचा और महेंद्रकुमार शाह से 40 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। रकम मिलते ही आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फरार हो गए। बाद में जब बेंगलुरु में गड्डियां खोली गईं तो ठगी का खुलासा हुआ।

घटना के बाद महेंद्रकुमार शाह ने 23 जून 2026 को महिधरपुरा पुलिस थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4), 61(2) एवं 3(5) के तहत शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच कर रहे पीएसआई बी.बी. कटारिया और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्षेत्रपाल आदूराम शर्मा (21), निवासी ब्राह्मणों का मोहल्ला, राजेरा गांव, तहसील लूणकरनसर, जिला बीकानेर (राजस्थान), शिवशंकर हरिराम गोदारा (24), निवासी मालसर गांव, गजनेर रोड, चुंगी चौकी, तहसील लूणकरनसर, जिला बीकानेर (राजस्थान) तथा सांवरदास सत्यनारायणदास स्वामी (26), निवासी कालू गांव, गोदारा वास, तहसील लूणकरनसर, जिला बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात का मुख्य सूत्रधार भावेश अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button