businessTextileसूरत सिटी

अब सिर्फ 1 मिनट में मोबाइल पर देखें पैन कार्ड से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन

आयकर विभाग की ‘AIS for Taxpayers’ ऐप से TDS, टैक्स भुगतान, रिफंड और अन्य जानकारियां होंगी उपलब्ध

नई दिल्ली।आयकर विभाग ने करदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘AIS for Taxpayers’ मोबाइल एप्लीकेशन उपलब्ध कराई है। इस ऐप के माध्यम से कोई भी करदाता अपने पैन कार्ड से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी मात्र एक मिनट में प्राप्त कर सकता है।

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए करदाता को सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से AIS for Taxpayers ऐप डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद पैन कार्ड नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के बाद 4 अंकों का MPIN सेट कर लॉगिन किया जा सकेगा।

लॉगिन के पश्चात करदाता वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 से संबंधित Annual Information Statement (AIS) तथा Taxpayer Information Summary (TIS) देख सकेंगे। इन रिपोर्टों में पैन कार्ड के माध्यम से किए गए विभिन्न वित्तीय लेन-देन, टीडीएस (TDS), कर भुगतान, रिफंड, डिमांड तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहती हैं।

करदाता इन रिपोर्टों को डाउनलोड भी कर सकते हैं और अपनी आयकर रिटर्न (ITR) में दी गई जानकारी का मिलान आसानी से कर सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह सुविधा आयकर संबंधी जानकारी को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

टैक्स कंसल्टेंट नारायण शर्मा ने बताया कि यह ऐप करदाताओं को अपने वित्तीय रिकॉर्ड की निगरानी करने और आयकर रिटर्न दाखिल करते समय सटीक जानकारी सुनिश्चित करने में काफी मददगार साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button