पालिताणा के शत्रुंजय पर्वत पर पहुंचा सिंह, यात्री की बैग लेकर जंगल में भागा
वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बैग सुरक्षित बरामद की, पर्वत पर सिंह की मौजूदगी से श्रद्धालुओं में दहशत

भावनगर। जैन धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल शत्रुंजय पर्वत पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक सिंह अचानक यात्रियों के बीच पहुंच गया। सिंह को बेहद नजदीक देखकर श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी यात्रा बीच में छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना के दौरान एक यात्री घबराहट में अपना सामान वहीं छोड़कर भाग गया। इसी बीच सिंह उस यात्री की कीमती सामान से भरी बैग को मुंह में दबाकर जंगल की ओर चला गया। बैग में महत्वपूर्ण और मूल्यवान वस्तुएं होने के कारण यात्री की चिंता बढ़ गई और उसने तत्काल वन विभाग से संपर्क किया।
जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और ट्रैकर्स मौके पर पहुंचे तथा सिंह के जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने शत्रुंजय पर्वत के जंगल क्षेत्र से बैग को खोज निकाला। राहत की बात यह रही कि सिंह ने बैग को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया था और उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित अवस्था में बरामद हो गया।
घटना के बाद श्रद्धालुओं में भय का माहौल देखा गया। तीर्थयात्रा के लिए बड़ी संख्या में आने वाले यात्रियों ने पर्वत पर सिंह की मौजूदगी को लेकर चिंता व्यक्त की। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




