
सूरत। वैश्विक युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण पिछले तीन महीनों से बंद पड़ी सूरत-दुबई-सूरत अंतरराष्ट्रीय उड़ान आखिरकार आगामी बुधवार से फिर शुरू होने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के इस फैसले से दक्षिण गुजरात के टेक्सटाइल और डायमंड उद्योग से जुड़े व्यापारियों एवं नियमित यात्रियों ने राहत की सांस ली है। सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली यह उड़ान सूरत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को नई गति प्रदान करेगी।
जानकारी के अनुसार, सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहले शारजाह, दुबई और बैंकॉक के लिए कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती थीं। लेकिन फरवरी के अंत में युद्धजनित परिस्थितियों के चलते सूरत से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अचानक बंद कर दिया गया था। देश के अन्य एयरपोर्टों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाने के बावजूद सूरत की उड़ानें बंद रहने से यात्रियों और उद्योग जगत में नाराजगी बढ़ रही थी।
सूत्रों के अनुसार, एक शहर से सीमित संख्या में उड़ानों को अनुमति देने की नीति के कारण सूरत को नुकसान उठाना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति मिलने के बाद पहले महानगरों की उड़ानें बहाल की गईं। सूरत-दुबई मार्ग बंद होने से व्यापार और उद्योग पर असर पड़ा, जिसके चलते विभिन्न औद्योगिक संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा टेक्सटाइल एवं डायमंड एसोसिएशनों ने केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार प्रतिनिधित्व किया था।
अब एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सूरत-दुबई-सूरत सेवा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है। यह उड़ान बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।
रात 2:10 बजे उड़ान, सुबह 9:50 बजे वापसी
एयरलाइन के आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, सूरत से दुबई जाने वाली उड़ान रात 2:10 बजे रवाना होगी। वहीं दुबई से लौटने वाली फ्लाइट सुबह 9:50 बजे सूरत एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। यह समय विशेष रूप से व्यापारिक यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक माना जा रहा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की वापसी के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि निजी विमानन कंपनी IndiGo भी जल्द ही सूरत-दुबई रूट पर अपनी सेवाएं शुरू कर सकती है। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों का मानना है कि इससे सूरत के अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।




