फर्जी आरटीजीएस स्क्रीनशॉट भेजकर यार्न व्यापारी से 3.45 लाख की ठगी
टू कॉलर ऐप के जरिए ऑर्डर देकर माल उठाया, भुगतान नहीं मिलने पर अठवा थाने में मामला दर्ज

सूरत। शहर के मजूरागेट स्थित आईटीसी बिल्डिंग में संचालित सानिका इंडस्ट्रीज प्रा.ली. तथा सानीका पीपोटेक्स कंपनी के साथ फर्जी आरटीजीएस भुगतान का स्क्रीनशॉट भेजकर 3.45 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अठवा पुलिस ने मेघा जरीवाला एवं उसके सहयोगी राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंभारिया गांव स्थित संगिनी स्क्वेयर अपार्टमेंट निवासी बनवारीलाल भवरलाल शर्मा मजूरागेट स्थित आईटीसी बिल्डिंग में व्यापारी सुमित ओमप्रकाश अग्रवाल की कंपनी सानिका इंडस्ट्रीज प्रा.ली
में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। गत 29 अक्टूबर 2025 को मोबाइल नंबर 9687840929 से टू कॉलर एप्लिकेशन के माध्यम से मेघा जरीवाला नामक महिला ने फोन कर यार्न के भाव पूछे थे।
इसके बाद उसके सहयोगी राहुल ने मोबाइल नंबर 9016312925 से संपर्क कर 3,45,143 रुपए के एचडीएफसी बैंक आरटीजीएस भुगतान का स्क्रीनशॉट भेजा। स्क्रीनशॉट पर भरोसा कर कंपनी द्वारा यार्न का माल दे दिया गया। हालांकि बाद में कंपनी के खाते में राशि जमा नहीं हुई। इस संबंध में संपर्क करने पर आरोपियों द्वारा अलग-अलग बहाने बनाकर भुगतान टाल दिया गया।
अंततः सेल्समैन बनवारीलाल शर्मा ने अठवा पुलिस थाने में मेघा जरीवाला और राहुल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(2), 336(3) तथा 340(2) के तहत शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच पीएसआई पी.आर. ठाकोर कर रहे हैं।



