Uncategorized

माहेश्वरी लग्जरिया में आज से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव प्रारंभ

सूरत। पर्वत पाटिया स्थित माहेश्वरी लग्जरिया में पूर्वजों की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप सीतादेवी-राधेश्याम बांगड़ परिवार द्वारा सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आयोजन आज रविवार 24 मई से प्रारंभ हो रहा है। कथा का आयोजन 30 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आई माता चौक, माहेश्वरी लग्जरिया में किया जाएगा।

कथा में व्यासपीठ से संत श्री दिग्विजयराम जी महाराज (रामद्वारा, चितौड़गढ़) अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति के बालमुकुंद बांगड़ ने बताया कि कथा के शुभारंभ अवसर पर आज प्रातः 7 बजे कलश एवं भव्य शोभायात्रा श्री चारभुजा नाथ मंदिर, सीताराम सोसायटी विभाग-2 से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी।

मीडिया संयोजक सुनील माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों पर आधारित जीवंत झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजक परिवार के मुकेश एवं भरत बांगड़ ने बताया कि मंगलवार 26 मई को सायं 5.30 बजे श्री माहेश्वरी सत्संग समिति द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं बुधवार 27 मई को सायं 6.30 बजे भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक अजीत दाधीच अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे।

उन्होंने बताया कि आयोजन में श्री मेवाड़ माहेश्वरी समाज, सूरत तथा उसकी सहयोगी संस्थाएं सक्रिय सहभागिता निभाएंगी। आयोजकों ने सभी भागवत प्रेमियों से सपरिवार एवं इष्टमित्रों सहित उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button