
सूरत। सारोली स्थित ध्रुव एंटरप्राइज कॉम्प्लेक्स में अरीया पैकेजिंग इंडस्ट्री नाम से व्यवसाय करने वाले व्यापारी के साथ 25.13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मगोब क्षेत्र की सत्याम डिजाइन फर्म के संचालक द्वारा पुठ्ठे के बॉक्स तथा ग्रे कपड़ा खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुणा पुलिस सूत्रों के अनुसार वेसु स्थित श्याम मंदिर के पास संगिनी वेदांता निवासी व्यापारी मोतीलाल ब्रिजलाल शर्मा सारोली रोड पर लैंडमार्क एम्पायर के सामने ध्रुव एंटरप्राइज कॉम्प्लेक्स में अरीया पैकेजिंग इंडस्ट्री फर्म चलाते हैं। वे पुठ्ठे के बॉक्स तथा भिवंडी से ग्रे कपड़े का व्यापार करते हैं। शिकायत के अनुसार मगोब-कडोदरा मेन रोड स्थित लैंडमार्क एम्पायर की तीसरी मंजिल पर दुकान नंबर ए/307-308 में सत्याम डिजाइन फर्म के माध्यम से पुठ्ठा और ग्रे कपड़े का निर्यात व्यवसाय करने वाले निलेशकुमार लक्ष्मणभाई मंचाणी ने शुरुआत में नियमित भुगतान कर विश्वास हासिल किया था।
इसके बाद 6 अक्टूबर 2023 से 23 मई 2024 के बीच आरोपी ने मोतीलाल शर्मा से 3,61,665 रुपये मूल्य के पुठ्ठे के बॉक्स खरीदे तथा 8 अप्रैल 2024 से 10 अप्रैल 2024 के दौरान भिवंडी से 24,31,949 रुपये का ग्रे कपड़ा मंगवाया। कुल 27,93,614 रुपये का माल खरीदने के बावजूद आरोपी ने केवल 2,80,000 रुपये का भुगतान किया और शेष 25,13,614 रुपये की राशि नहीं चुकाकर कथित रूप से ठगी की।
इस संबंध में व्यापारी मोतीलाल शर्मा द्वारा पुणा पुलिस थाने में आरोपी निलेशकुमार मंचाणी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की आगे की जांच आर्थिक अपराध निवारण शाखा के पीएसआई वाई.जी. गिरनार द्वारा की जा रही है।



