
सूरत। शहर के टेक्सटाइल मार्केट में करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। सलाबतपुरा रिंग रोड स्थित साईं दर्शन मार्केट में संचालित “जय जीन फैब” के संचालक ने 18 एम्ब्रॉयडरी कारखानेदारों और व्यापारियों से जॉबवर्क करवाकर भुगतान किए बिना फरार होने के मामला अमरोली पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। एम्ब्रायडरी कारखानेदार पवन धीरुभाई चांदपरा की शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा एम्ब्रॉयडरी, डायमंड स्टोन व सिलाई का काम करवाकर कुल 1,41,50,984 रुपये की रकम की ठगी की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल गांव कुम्भन त.पालिताना जिला भावनगर निवासी तथा बी.1001,शिक्षापत्री हाइट्स सृष्टि हाउस के पास अमरोली रहने वाले पवन चाँदपरा “सियाराम एम्ब्रो आर्ट” नाम से सन 2019 से देवम एम्ब्रो पार्क अमरोली में एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क का व्यवसाय करते हैं।
करीब तीन वर्ष पहले उनकी पहचान दलाल सुरेशभाई लाखणकिया से हुई थी। बाद में सुरेशभाई ने उनकी मुलाकात नितेश सावरमल अग्रवाल से करवाई, जो साईं दर्शन मार्केट के यूजी-32-33 में “जय जीन फैब” नाम से व्यापार करता था।जिनका गोदाम श्री राम आर्केड तेरापन्थ भवन के सामने आंजना फार्म में था।
मुलाकात के दौरान नितेश अग्रवाल ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए कहा कि कई वर्षों से ग्रे कपड़ा एम्ब्रायडरी वर्क,स्टोन सिलाई टीचिंग का काम करवाते है व समय पर पेमेंट चुका देते है।पवन चाँदपरा को भी समय पर भुगतान का भरोसा दिलाकर शुरुआत में समय पर पेमेंट कर बाजार में विश्वास कायम किया गया। इसके बाद अलग-अलग व्यापारियों और यूनिटों से बड़ी मात्रा में साड़ियों पर एम्ब्रॉयडरी, डायमंड स्टोन और सिलाई का जॉबवर्क करवाया गया।
आरोप है कि 14 नवंबर 2025 से 5 मई 2026 के बीच 48,06,373 रुपये का माल तैयार कर 45-120 दिनों की उधारी में दिया था भुगतान की समयावधि पूर्ण होने के बाद जब व्यापारी पैसे मांगने पहुंचे तो दुकान बंद मिली और आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे।
जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे मामले में दलाल सुरेश भाई लाखनकिया और मुकेश पोपटभाई बल्लर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। मुकेश बल्लर ने अन्य व्यापारियों के बीच “जय जीन फैब” की साख मजबूत बताकर जॉबवर्क दिलाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धोखाधड़ी की कथित साजिश में उसकी कितनी संलिप्तता थी।
व्यापारियों का कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पहले बाजार में भरोसा बनाया और बाद में बड़ी मात्रा में माल उठाकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी को अंजाम दिया। घटना के बाद टेक्सटाइल मार्केट में भारी चिंता और भय का माहौल है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी नितेश सावरमल अग्रवाल मूल रूप से राजस्थान के खंडेला का निवासी है। उसके खिलाफ इससे पहले भी सलाबतपुरा पुलिस थाने में 7 एम्ब्रॉयडरी कारखानेदारों द्वारा करीब 1.52 करोड़ रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया जा चुका है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्थिक अपराध से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में मामले में और व्यापारियों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।मामले की जांच पीएसआई जे.जी. कामलिया कर रहे हैं।
फरियादी का बकाया
सियाराम एम्ब्रो आर्ट – पवन धीरुभाई चांदपरा : ₹48,06,373
अन्य व्यापारियों की कथित बकाया राशि
क्र.
व्यापारी / फर्म
राशि
1.श्री चेहर क्रिएशन-10,04,786/-
2.श्रीहरी क्रिएशन-8,65,000/-
3.मा कृपा क्रिएशन-10,40,360/-
4.खोडल क्रिएशन-2,30,000/-
5.श्री कष्टभंजन क्रिएशन-2,51,370/-
6.महादेव क्रिएशन-14,47,508/-
7.महाकाली फैशन-4,06,880/-
8.पर्व एंटरप्राइजेज-3,04,167/-
9.रामेश्वर एंटरप्राइजेज-4,74,055/-
10.आर.के. एंटरप्राइजेज-2,91,615/-
11.खोडियार एंटरप्राइजेज-1,20,546/-
12.बहुचर फैशन-5,35,000/-
13.नीलमाधव फैशन-9,82,736/-
14.हेत फैशन-1,04,562/-
15.जय अंबे क्रिएशन-3,50,826/-
16.मीरा क्रिएशन-4,81,820/-
17.धूमी क्रिएशन-.3,02,038/-
18.विहळ क्रिएशन-1,51,132/-
कुल कथित बकाया राशि :1,41,50,984/-



