पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा और पूर्व विधायक अभिनव महर्षि का हुआ स्वागत
“हम हमेशा आपके साथ खड़े हैं” : राजकुमार रिणवा

स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करेगा राजस्थान युवा संघ
सूरत। राजस्थान युवा संघ कार्यालय में शुक्रवार को रतनगढ़ के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा तथा रतनगढ़ के पूर्व विधायक अभिनव महर्षि का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
राजस्थान युवा संघ द्वारा “अतिथि देवो भव:” की परंपरा के तहत आयोजित स्वागत समारोह में सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक अभिनव महर्षि ने राजस्थान युवा संघ की कार्यकारिणी का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत के विचारों और सपनों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन जिस समर्पण और तत्परता से कार्य कर रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है और संगठन के माध्यम से सामाजिक चेतना को मजबूती मिल रही है।पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान से दूर रहकर भी यहां बसे समाजबंधुओं ने अपनी जन्मभूमि की संस्कृति, परंपरा और अपनत्व की भावना को जीवित रखा है।
उन्होंने कहा, “आप सभी ने प्रदेश से दूर रहकर भी अपनी मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखा है। इसे देखकर मातृभूमि की याद ताजा हो जाती है। हम हमेशा आपके साथ खड़े हैं।”जगदीश शर्मा ने राजस्थान युवा संघ द्वारा किए जा रहे मानव सेवा एवं गौ सेवा के कार्यों की जानकारी देते हुए संगठन की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से अतिथियों को अवगत कराया।
वहीं रामावतार पारीक ने कहा कि राजस्थान युवा संघ सामाजिक एकता, सेवा और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में सज्जन महर्षि, ओमप्रकाश शेखावाटी, संजय जैन, राजेंद्र चौधरी, विनोद सारस्वत, महेंद्र पटेल, कपिल सोनी, हरिओम स्वामी, विनोद प्रजापति, रोहित मेवाड़ा, मुकेश प्रजापति, श्याम माली, गंगाधर डूड़ी, मुकेश प्रजापत, प्रमोद शर्मा, राधेश्याम शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




