businessTextileसूरत सिटी

फेस रिकग्निशन सिस्टम से अपराधी कैमरे में आते ही कंट्रोल रूम होगा अलर्ट,

सूरत की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था होगी हाईटेक

सूरत। शहर के लगातार बढ़ते विस्तार, जनसंख्या और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर में जल्द ही 114 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा 124 ट्रैफिक सिग्नलों को रिपेयर कर आधुनिक प्रणाली से अपग्रेड किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक लोड को नियंत्रित करने के लिए पुराने और तकनीकी रूप से कमजोर ट्रैफिक सिग्नलों को आधुनिक सिस्टम से जोड़ा जाएगा। सिग्नल अपग्रेड होने के बाद वाहन चालकों को सुगमता मिलेगी और ट्रैफिक पुलिस को यातायात संचालन में बेहतर सहायता प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि शहर के विस्तार के साथ नए एवं बाहरी क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक हो गया है। पुलिस द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर विभिन्न इलाकों, विशेष रूप से शहर के अंतिम छोर वाले क्षेत्रों में 114 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों में एडवांस काउंटिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे किसी स्थान पर एकत्र लोगों की संख्या की जानकारी स्वतः प्राप्त हो सकेगी। इस आधुनिक प्रणाली का डेमो पुलिस कमिश्नर कार्यालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।

सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सभी नए कैमरों में फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर लगाया जाएगा। इसके माध्यम से यदि कोई वांछित अपराधी कैमरे की निगरानी में आता है तो पुलिस कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट जारी होगा, जिससे पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सकेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।

ट्रैफिक सुधार योजना के तहत शहर के 124 ट्रैफिक सिग्नलों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जाएगा। वहीं सूरत रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लंबे समय से बनी ट्रैफिक समस्या के समाधान हेतु लांबे हनुमान गरनाला के पास रेलवे की दीवार हटाकर चार लेन का नया मार्ग बनाने की योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित मार्ग में दो लेन वाहनों के प्रवेश तथा दो लेन निकास के लिए निर्धारित होंगी।

प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना पूरी होने के बाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और शहर की समग्र यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button