दादर में गुजराती व्यापारी की गारमेंट कंपनी में डबल घोटाला, कर्मचारी ने कपड़ों के साथ गोपनीय डेटा भी किया चोरी

मुंबई। दादर वेस्ट स्थित भवानिशंकर रोड पर महिलाओं के परिधानों की एक प्रसिद्ध गारमेंट कंपनी में कपड़ों की चोरी के साथ कंपनी का गोपनीय व्यावसायिक डेटा लीक होने का मामला सामने आया है। कंपनी के 53 वर्षीय गुजराती व्यापारी की शिकायत पर दादर पुलिस स्टेशन में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार व्यापारी अपने मोबाइल फोन में दुकान और गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रहे थे, तभी वर्षों से काम कर रहा एक कर्मचारी दुकान से महिलाओं के ड्रेस ले जाता दिखाई दिया। इस पर संदेह होने पर 10 फरवरी से 30 अप्रैल तक के फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी द्वारा करीब 50 महंगे ड्रेस चोरी करने का खुलासा हुआ। इसके बाद व्यापारी ने जाल बिछाकर कर्मचारी को रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कंपनी का महत्वपूर्ण गोपनीय डेटा अपने ई-मेल आईडी के माध्यम से कंपनी के दो पूर्व कर्मचारियों को भेज दिया था। इसमें सप्लायर और ग्राहकों की जानकारी, खरीद-बिक्री के दर, नए डिजाइनों के फोटो तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी शामिल है। आरोपी ने कंपनी के विभिन्न विभागों के कंप्यूटर पासवर्ड हासिल कर डेटा चुराया और उसे ई-मेल व व्हाट्सऐप के जरिए बाहर भेजने की बात भी कबूल की है।
दादर पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मामले में डिजिटल साक्ष्य, ई-मेल ट्रेल और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है तथा तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।




