
सूरत। कपड़ा व्यापार में विश्वासघात के मामले में पिछले तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को सारोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 72 के तहत वारंट जारी था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरियादी अशोक मोतीलाल खत्री, जो सारोली स्थित डीएमडी लॉजिस्टिक टेक्सटाइल मार्केट में “आरोही डिजाइनर” नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्थान के नागौर निवासी व्यापारी घेवरराम प्रजापति और राजूराम प्रजापति ने दलाल विनोद महेंद्र भंसाली के माध्यम से उनसे प्रिंटेड कपड़े का माल खरीदा था।
घेवरराम ने दिसंबर 2021 से नवंबर 2022 के बीच 4.56 लाख रुपए का माल खरीदा, जिसमें आंशिक भुगतान और माल वापसी के बाद 2.67 लाख रुपए बकाया रहे। वहीं राजूराम ने दिसंबर 2021 से जून 2023 तक 14.81 लाख रुपए का माल लिया, जिसमें 3.25 लाख रुपए का भुगतान बाकी था। इस प्रकार दोनों व्यापारियों और दलाल ने मिलकर कुल 5.92 लाख रुपए का भुगतान नहीं कर फरियादी के साथ आपराधिक विश्वासघात किया।इस मामले में सारोली पुलिस स्टेशन में 26 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था।
तकनीकी जांच और ह्यूमन सोर्सेज की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी विनोद महेंद्र भंसाली मॉडर्न टाउन रेजीडेंसी सारोली क्षेत्र में मौजूद है। इसके आधार पर पुलिस निरीक्षक एस.आर. वेकरिया के नेतृत्व में सर्विलांस पीएसआई यू.बी. मेंदपरा और टीम ने दबिश देकर आरोपी विनोद भंसाली,मूल गांव नव चौकियां,जूनी मंडी फूलचंद स्कूल के सामने जोधपुर,हाल सी.205 ,गजानन अपार्टमेंट कबूतर सर्कल,डुम्भाल सूरत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ पूर्व में भी सारोली थाने में 8.48 लाख रुपये की धोखाधड़ी व विश्वासघात का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर आगे की जांच तेज कर दी है।



