Textileगुजरातलोकल न्यूज़सूरत सिटी

टेक्सटाइल मार्केट में ठगी और आग की घटनाओं पर सख्ती, ‘पुलिस व्यापारी संवाद सेतु’ का आयोजन

250 से अधिक व्यापारियों की बैठक, संदिग्ध कारोबारियों से सतर्क रहने और फायर सेफ्टी पर दिए निर्देश

सूरत। एशिया के सबसे बड़े सूरत टेक्सटाइल मार्केट में बढ़ती ठगी और आग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सलाबतपुरा पुलिस द्वारा 6 अप्रैल 2026 को सिंगापुरी वाड़ी स्थित धमणवाला हॉल में “पुलिस-व्यापारी संवाद सेतु” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 250 से अधिक व्यापारियों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सेक्टर-1) बलराम मीणा ने की। इस दौरान डीसीपी आलोक कुमार, के.एम. देसाई, राघव जैन और एसीपी चिराग वडोदरिया सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में फायर विभाग और टोरेंट पावर के अधिकारी भी विशेष रूप से शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध व्यापारियों से सावधान रहने की सलाह दी। किसी भी नए व्यक्ति से व्यापार करने से पहले उसकी पहचान और लेन-देन की पूरी जांच करने को कहा गया। साथ ही डिजिटल पेमेंट और उधारी लेन-देन में अतिरिक्त सावधानी बरतने पर जोर दिया गया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए आग की घटनाओं की रोकथाम पर भी विशेष चर्चा हुई। टोरेंट पावर के अधिकारियों ने सही वायरिंग, ओवरलोड से बचाव और लोड मैनेजमेंट की जानकारी दी। वहीं फायर विभाग ने दुकानों में फायर सेफ्टी उपकरण चालू रखने, इमरजेंसी एग्जिट खुला रखने और नियमित सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बलराम मीणा ने कहा कि पुलिस और व्यापारी मिलकर काम करेंगे तो अपराध और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। उन्होंने बताया कि “संवाद सेतु” अभियान के तहत आगे भी विभिन्न मार्केट में बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
इस पहल से टेक्सटाइल मार्केट में ठगी और आग की घटनाओं पर लगाम लगाने के साथ व्यापारियों को सुरक्षित कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button