अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक 12-13 अप्रैल को सूरत में, राजश्री बिड़ला करेंगी उद्घाटन

सूरत। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय कार्यसमिति एवं कार्यकारिणी बैठक आगामी 12 एवं 13 अप्रैल को सूरत में आयोजित की जाएगी। संगठन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने जा रहे “स्वर्णमंगलम” कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों को लेकर सिटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्षा वीणा तोषनीवाल के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दो दिवसीय आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। 
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय कार्यसमिति मीटिंग का उद्घाटन पद्मभूषण सम्मानित एवं आदित्य बिड़ला ग्रुप की चेयरमेन श्रीमती राजश्री बिड़ला द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। श्वेता जाजू ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों का स्वागत सत्कार किया।
संगठन की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा विमला साबू ने बताया कि सूरत की धरती पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम समाज के लिए ऐतिहासिक होगा, जिसमें समाज की होनहार बेटियों एवं बहुओं, जो विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत हैं, उनका “शक्ति वंदनम्” कार्यक्रम के माध्यम से सम्मान किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्षा मंजू बांगड़ सहित देश-विदेश से लगभग 500 मातृशक्ति प्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है।
सूरत जिला माहेश्वरी सभा के सचिव अतिन बाहेती ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक के सफल आयोजन हेतु पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है। वंदना भंडारी ने कहा कि आयोजन को लेकर महिला संगठन की टीम में विशेष उत्साह और सक्रियता देखी जा रही है।
बैठक में शोभा बजाज, रेखा पोरवाल, चंचल बच्चानी, गुजरात प्रांतीय सभा के कोषाध्यक्ष श्याम भंडारी, उद्योगपति रामावतार साबू, माहेश्वरी भवन अध्यक्ष नरेंद्र साबू, सचिव हरिशंकर तोषनीवाल, माहेश्वरी लग्जरिया सचिव शैलेश चंडक, घनश्याम चंडक, सुरेश तोषनीवाल, विनीत काबरा, रंगनाथ भट्टड़, किशोर बाहेती, मुरली लाहोटी, नारायण पेड़ीवाल, हरिप्रकाश पेड़ीवाल, प्रदीप तोतला, विष्णु राठी, सुनील माहेश्वरी सहित सूरत माहेश्वरी समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, महिला संगठन टीम, गणमान्य नागरिक एवं भामाशाह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन की मंत्री प्रतिभा मोलासरिया ने आभार व्यक्त किया। महेश पुंगलिया ने बताया कि बैठक का समापन राष्ट्रगान की प्रस्तुति एवं सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ।



