भाठेना मिलेनियम मार्केट-4 में चोरी का प्रयास, युवक रंगेहाथ पकड़ा गया
आवाज़ सुनकर सिक्योरिटी ने तौफीक शेख को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

सूरत भाठेना स्थित मिलेनियम मार्केट-4 में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने घुसे युवक को सिक्योरिटी कर्मियों ने रंगेहाथ पकड़कर उधना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सलाबतपुरा स्थित भाठेना राजानगर, वाड़ीवाला बाबा दरगाह के पास रहने वाला 22 वर्षीय अरबाज़ अजगर शेख (अली) पिछले दो वर्षों से सियाराम सिक्योरिटी सर्विस एजेंसी के तहत भाठेना मिलेनियम मार्केट-4 में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह रोजाना की तरह मार्केट के सभी पैसज की लाइट बंद कर रहा था। इसी दौरान उसे लोहे पर चोट करने जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज की जांच करने पर छठे मंजिल पर दुकान नंबर 6128 का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहा एक युवक दिखाई दिया।
अरबाज़ शेख ने अपने सहकर्मी उमेश के साथ मिलकर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसके पास से चोरी करने के औजार भी बरामद कर लिए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तौफीक उर्फ तौसीब उर्फ मुन्ना अलीम उर्फ डबल शेख (उम्र 18 वर्ष 11 माह) बताया। वह लिंबायत के कमरुनगर, मीठी खाड़ी क्षेत्र का रहने वाला है और मूल रूप से महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के शिलोड तालुका के घाटनंदोरा गांव का निवासी है।
घटना की जानकारी मिलने पर सिक्योरिटी एजेंसी के इंचार्ज रणजीत सिंह, मेंटेनेंस हेड नरेंद्रभाई तथा दुकान मालिक को बुलाया गया। इसके बाद आरोपी को उधना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
उधना पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड अरबाज़ शेख की शिकायत के आधार पर आरोपी तौफीक शेख के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 62 तथा जीडी एक्ट 135 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच पीएसआई ए.एन. बुधेलिया द्वारा की जा रही है।



