POLITICSगुजरातराजनीतिसूरत सिटी

गुजरात में स्थानीय स्वराज्य चुनाव की घोषणा, 26 अप्रैल को मतदान, 28 अप्रैल को मतगणना

15 महानगरपालिका, 34 जिला पंचायत, 260 तालुका पंचायत और 84 नगरपालिकाओं में 10,039 सीटों पर होगा चुनाव

गांधीनगर। गुजरात में लंबे समय से प्रतीक्षित स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव की घोषणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा कर दी गई है। राज्य चुनाव आयुक्त एस. मुरलीकृष्णा ने गांधीनगर में आयोजित पत्रकार परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य की 15 महानगरपालिकाओं (जूनागढ़ और गांधीनगर को छोड़कर), 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों तथा 84 नगरपालिकाओं के लिए चुनाव 26 अप्रैल 2026 को आयोजित किए जाएंगे, जबकि मतगणना 28 अप्रैल 2026 को होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को चुनाव अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 11 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, 13 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 15 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 26 अप्रैल को मतदान होगा और 28 अप्रैल को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में राज्यभर के 4 करोड़ 18 लाख 91 हजार 700 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 15 महानगरपालिकाओं की 1044 सीटों, 84 नगरपालिकाओं की 2632 सीटों, 260 तालुका पंचायतों की 5271 सीटों और 34 जिला पंचायतों की 1092 सीटों पर चुनाव होंगे। इस प्रकार कुल 10,039 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। साथ ही 17 नई तालुका पंचायतों में भी पहली बार चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
इस बार की चुनाव प्रक्रिया की एक महत्वपूर्ण विशेषता ओबीसी आरक्षण का नया रोटेशन रहेगा। झवेरी आयोग की सिफारिशों के आधार पर लागू नए आरक्षण समीकरण के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष की 7 सीटें आरक्षित की गई हैं, जिससे राजनीतिक दलों को नई रणनीति बनानी पड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि सीमांकन और आरक्षण की प्रक्रिया के कारण कई जिला और तालुका पंचायतों की अवधि समाप्त होने के बावजूद चुनाव में देरी हुई थी और इन संस्थाओं में प्रशासकों द्वारा कामकाज संभाला जा रहा था। अब चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रशासकीय व्यवस्था का अंत होगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नए जनप्रतिनिधियों के चयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button