सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक पर जैन युवा मंडल, सूरत की विराट भक्ति संध्या सम्पन्न

तेरापंथ भवन में 1500 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति, भक्ति गीतों से भक्तिमय बना माहौल

सूरत। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक दिवस के पावन अवसर पर जैन युवा मंडल, सूरत द्वारा “एक शाम प्रभु महावीर के नाम” विराट भक्ति संध्या का भव्य आयोजन 31 मार्च 2026, मंगलवार को तेरापंथ भवन, सूरत में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही तथा पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


कार्यक्रम से पूर्व सूर्यास्त पूर्व महावीर प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1500 समाजजनों ने लाभ लिया। मंत्री ललित संचेती ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी लाभार्थी परिवारों का संगीत की मधुर धुनों के साथ भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें अग्रिम पंक्ति में सम्मानपूर्वक स्थान प्रदान किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान जैन सेवा समिति के अध्यक्ष अशोकजी श्रीश्रीमाल, जैन युवा मंडल के अध्यक्ष प्रदीपजी वेदमूथा एवं सभी लाभार्थी परिवारों के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात 13 वर्षीय बाल संगीत कलाकार सिद्धार्थ मुथा ने नमस्कार महामंत्र एवं भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद जयपुर निवासी प्रसिद्ध जैन भजन गायक राजीव विजयवर्गीय ने अपनी मधुर आवाज में भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु प्रभु भक्ति में झूम उठे और कार्यक्रम में उत्साह का विशेष माहौल बन गया। कार्यक्रम के बीच-बीच में लक्की ड्रा भी आयोजित किए गए, जिसमें भाग्यशाली श्रद्धालुओं को चांदी एवं सोने के सिक्के भेंट किए गए।


विराट भक्ति संध्या के मुख्य लाभार्थी छाजेड़ परिवार, महावीर प्रसादी लाभार्थी सुराणा परिवार, जय जिनेन्द्र लाभार्थी ओस्तवाल परिवार, प्रभावना लाभार्थी भुरंट परिवार तथा लक्की ड्रा लाभार्थी सालेचा परिवार का तिलक, माला, साफा, चुंदड़ी एवं मोमेंटो द्वारा सम्मान किया गया। साथ ही सहयोगी संस्थाओं राजस्थान जैन सेवा समिति, सिवांची-मालानी महिला मंडल एवं महावीर यूथ क्लब का भी विशेष आभार व्यक्त कर सम्मान किया गया।


कार्यक्रम के संप्रेक्षक महावीर सालेचा तथा संयोजक विनोद गोलेछा, रामकुमार सिंघवी, विकास चोपड़ा एवं दिनेश संकलेचा ने बताया कि उपस्थित बुजुर्गों एवं समाजजनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए मंडल को भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन करते रहने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मंत्री ललित संचेती एवं सहमंत्री अरविंद बाफना ने किया। अंत में जैन युवा मंडल के अध्यक्ष प्रदीप वेदमूथा ने सभी आगंतुकों, सहयोगियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button