
सूरत। शहर के सचिन-पलसाना रोड स्थित होजीवाला इंडस्ट्रियल एस्टेट में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यहां स्थित गॉपी निटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग का काफिला तुरंत मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। फायर ऑफिसर विजय सोलंकी ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां लगातार पानी का छिड़काव कर रही हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश जारी है।
आग इतनी भीषण थी कि उससे उठ रहे काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक आसमान में दिखाई दे रहे थे। धुएं के घने बादल देखकर आसपास के क्षेत्रों में लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए।
हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आग के कारण कंपनी में रखे कच्चे माल और मशीनरी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।




