अंबिका महिला मंडल द्वारा गणगौर उत्सव धूमधाम से मनाया गया

सूरत। शहर के गोडादरा क्षेत्र स्थित अंबिका हाइट्स सोसायटी में अंबिका महिला मंडल द्वारा गणगौर उत्सव पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रवासी राजस्थानी महिलाओं ने इस पर्व को अपनी संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया।
सोसायटी की दीप्ति शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां निवासरत राजस्थानी महिलाएं पिछले कई वर्षों से गणगौर, तीज, शीतला सप्तमी सहित अन्य पारंपरिक त्योहारों को एकजुट होकर मनाती आ रही हैं। इससे नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
सीमा तोषनीवाल ने बताया कि पिछले नौ दिनों से विधिवत गणगौर पूजन किया जा रहा है। इस दौरान सभी महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा धारण कर मारवाड़ी गीतों पर नृत्य कर रही हैं और विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का आनंद ले रही हैं।
उत्सव में भावना खत्री, मनीषा भट्टर, नीता सोनी, नीलम मोहता, ज्योति मूंदड़ा, नीलम भट्टर, कंचन भट्टर, अंबिका झवर सहित अनेक महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने श्रद्धा भाव से गणगौर माता की पूजा-अर्चना कर देश और विश्व में सुख-शांति की कामना की।


