इजरायल-ईरान युद्ध से कपड़ा क्षेत्र प्रभावित एसजीटीटीए ने की मूल्य वृद्धि पर सतर्कता के साथ व्यापार करने की अपील
31 दिसंबर तक का पेमेंट क्लियर करने का आग्रह,रॉ मटेरियल,पॅकिंग आदि की सप्लाई असंतुलित

सूरत।साउथ गुजरात टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (एसजीटीटीए) की कोर कमेटी ने सभी ट्रेडर्स भाइयों और दिसावर के कपड़ा व्यापारियों से अपील की है कि इजरायल – ईरान युद्ध के मद्देनजर बहुत सतर्कता के साथ व्यापार करें। कोर कमेटी की यह आवश्यक मीटिंग संस्था के आफिस कोहिनूर हाउस में दिनांक 10 मार्च को सायंकाल 5 बजे आयोजित की गई। मीटिंग में इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से सूरत कपड़ा उद्योग पर हो रहे असर की समीक्षा की गई। सूरत के ट्रेडर्स भाई एमएसएमई को लेकर जनवरी, फरवरी और मार्च के महीनों में प्रेसर में रहे हैं। परन्तु ईरान युद्ध की वजह से पैट्रोलियम प्रोडक्ट… इंडस्ट्रियल गैस…रसोई गैस… कोयला… डीजल एवं पेट्रोल इत्यादि की सप्लाई चैन बुरी तरह प्रभावित होती दिख रही है। एक तरफ जहां सप्लाई चैन के असंतुलन से पैकिंग मटेरियल आदि पर काफी तेजी आ चुकी है, जिसका असर फाइनल प्रोडक्ट पर आना लाजिमी है । वहीं दूसरी तरफ यार्न दरों में अप्रत्याशित वृद्धि का असर भी नजर आने लगा है। वहीं कोयला और गैस की वजह से प्रोसेस हाउस रेट में बढ़ोतरी की तैयारी में नजर आते हैं।ऐसे में आज की मीटिंग में मंथन के बाद यह तय किया गया कि संस्था की ओर से सभी ट्रेडर्स भाइयों को सूचित किया जाए कि वे अपने प्रोडक्ट को समझदारी से बनायें एवं लागत में जो भी बढ़ोतरी हो रही है,उसको सावधानी से लागू करें l आज के समय में कौस्टिंग में अनिश्चित उतार – चढ़ाव का जो माहौल है, उस से सामंजस्य बना कर ही उत्पादन का मूल्य निर्धारित करें lसूरत मार्केट में एमएसएमई के साथ अब इस युद्ध की वजह से बने हालात में पेमेंट का दबाव भी साफ-साफ नजर आ रहा है।इसलिए दिसावर के सभी व्यापारी भाइयों से संस्था यह अपील करती है कि 31 दिसंबर तक के बिलों का भुगतान करने वाले व्यापारियों से ही व्यापार करें l
आज की कोर कमेटी की मीटिंग में संस्था के बोर्ड चेयरमैन सुनील कुमार जैन, अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, महामंत्री मोहन कुमार अरोरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील मित्तल, उपाध्यक्ष नितिन गर्ग, ट्रेजरार संतोष माखरिया, बोर्ड डायरेक्टर सारंग जालान उपस्थित थे।



