युवासामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

अक्षर बस्ती में 20 सोसायटियों का विशाल हिंदू सम्मेलन, 2000 लोगों की भव्य शोभायात्रा निकली

सूरत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से अक्षर बस्ती क्षेत्र की 20 सोसायटियों द्वारा विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक एवं अनुशासित शोभायात्रा से हुई, जिसमें लगभग 2000 स्त्री-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का परिचय दिया।
शोभायात्रा अक्षर टाउनशिप स्थित श्री सर्वेश्वर मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल साकेत टेक्सटाइल मार्केट पहुंची। यात्रा के दौरान धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। राजस्थानी लोकनृत्य ‘गैर’ की मनमोहक प्रस्तुतियां तथा देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बना दिया। मार्ग में सोसायटीवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
अक्षर बस्ती विशाल हिंदू सम्मेलन के संरक्षक शंकरलाल भूतड़ा तथा मुख्य संयोजक मुरली प्रजापत रहे, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निर्मल जैन उपस्थित रहे। सभा को श्री श्री 1008 महंत स्वामी श्री तीर्थगिरी जी महाराज, जैन मुनि श्री शाश्वत मुनि जी म.सा. एवं नवदीक्षित श्री शुचित मुनि जी म.सा. ने अपने प्रेरक उद्बोधन से संबोधित किया। उन्होंने हिंदू समाज को संगठित रहने, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक सत्यनारायण कपूरिया ने किया। सम्मेलन को सफल बनाने में सह संयोजक दीपचंद चौधरी, मोहनसिंह राजपुरोहित,सांवलसिंह राव तथा द्वारकाप्रसाद तापड़िया का विशेष योगदान रहा।
समापन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का सुंदर आयोजन किया गया। अंत में मुख्य संयोजक मुरली प्रजापत ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button