
सूरत। रिंग रोड स्थित राधा कृष्णा टेक्सटाइल मार्केट में सारथी फैशन और आई खोडल एंटरप्राइज नाम से कारोबार करने वाले एक व्यापारी के साथ 19.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने सोमेश्वर मार्केट के एप्पल एनेक्स की महिला मालिक सहित परिहार बंधुओं और एक दलाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, नाना वराछा के चीकूवाड़ी, स्वाति सोसायटी निवासी विशालकुमार जयंतिभाई पानसेरिया रिंग रोड स्थित राधा कृष्णा टेक्सटाइल मार्केट में “सारथी फैशन” नाम से व्यापार करते हैं। उन्हें कपड़ा दलाल ओमप्रकाश ने खुद को प्रतिष्ठित दलाल बताते हुए सोमेश्वर मार्केट में “एप्पल एनेक्स” नाम से व्यापार करने वाली दीपीका धनश्याम परिहार, धनश्याम परिहार, रमेश परिहार और विजय परिहार से मिलवाया। आरोपियों ने खुद को व्यापारी बताकर विश्वास में लिया।
इसके बाद आरोपियों ने 28 अप्रैल 2024 से 5 मई 2024 के बीच सारथी फैशन से 14,26,320 रुपये का माल खरीदा। शुरुआत में 8,30,340 रुपये का भुगतान कर भरोसा जीता, लेकिन शेष 5,95,980 रुपये नहीं चुकाए।
बाद में आरोपियों ने विशालकुमार की दूसरी फर्म “आई खोडल एंटरप्राइज” से 1 मई 2024 से 27 जून 2024 के बीच 14,26,698 रुपये का माल खरीदा। इसमें से केवल 62,370 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 13,64,328 रुपये बकाया रखे गए।
इस प्रकार दोनों फर्मों से कुल 19,60,308 रुपये का भुगतान नहीं कर आरोपियों ने ठगी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



