एम. नागराजन ने संभाला सूरत मनपा आयुक्त का कार्यभार
बोले—शहर के अंतिम छोर तक पहुंचेगी बुनियादी सुविधाएं, विकास को मिलेगी नई गति

सूरत। सूरत महानगरपालिका की नगर आयुक्त शालिनी अग्रवाल के स्थानांतरण के बाद आईएएस अधिकारी एम. नागराजन ने बुधवार को सूरत के नए नगर आयुक्त के रूप में आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे अहमदाबाद में जीआरटीएससी के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। करीब छह दिन पहले उनका सूरत स्थानांतरण किया गया था। बुधवार सुबह मुगलसरा स्थित सूरत महानगरपालिका की मुख्य प्रशासनिक इमारत में पहुंचने पर मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों ने नए आयुक्त का स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर आयुक्त एम. नागराजन ने कहा कि सूरत पहले से ही देश के विकसित शहरों में गिना जाता है, लेकिन आने वाले समय में शहर के विकास को नागरिकों की जीवन गुणवत्ता से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के दूर-दराज और अंतिम छोर पर बसे क्षेत्रों तक भी विकास का लाभ पहुंचे, इसके लिए ठोस योजना के साथ काम किया जाएगा। साथ ही शहर में चल रहे आइकॉनिक प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ नई विकास योजनाओं को भी गति दी जाएगी।
नागराजन ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल सूरत महानगरपालिका का आगामी बजट तैयार किया जा रहा है और इसमें सभी विभागों से विचार-विमर्श कर निर्णय लिए जाएंगे। आगामी बजट में पानी, सीवरेज और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि शहर के हर क्षेत्र में संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।




