सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

सूरत: पालनपुर पाटिया में तीन दिवसीय ‘पूज्य साधणी माता वर्सी उत्सव’ का भव्य आयोजन

अखंड पाठ साहेब, सत्संग-कीर्तन और विशाल भंडारे के साथ बहेगी भक्ति की सरिता

सूरत। भक्ति, सेवा और सिमरन के केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले पालनपुर पाटिया स्थित जय साधणी माता मंदिर (थली) में वार्षिक ‘पूज्य साधणी माता वर्सी उत्सव’ का आयोजन पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। इस तीन दिवसीय भक्तिमय उत्सव की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। यह पावन आयोजन पोरबंदर वाले भगत श्री दांदुरामजी के सुपुत्र भगत श्री मुलणशाह एवं भारती माता के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। उत्सव के दौरान गुरु ग्रंथ साहेबजी का अखंड पाठ, देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे संतों द्वारा सत्संग-कीर्तन तथा भव्य लंगर (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रथम दिन शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे पूज्य गुरु ग्रंथ साहेबजी का अखंड पाठ साहेब प्रारंभ होगा, जबकि शाम 5 से 7:30 बजे तक निखिल लालवाणी द्वारा विशेष प्रस्तुति के साथ सत्संग-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन शनिवार 31 जनवरी 2026 को सुबह 9 से 11 बजे ‘आशा दीवार’ का गायन होगा तथा शाम 5 से 7 बजे भावनगर के भाई जगजीवन सिंह (तुलसीदास) द्वारा सत्संग-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। तीसरे दिन रविवार 1 फरवरी 2026 को अखंड पाठ साहेब की पूर्णाहुति के रूप में सुबह 10 बजे भोग साहेब किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक राजकोट के भगत श्री उत्तमभाई एवं राजा वनवाणी द्वारा ‘रंगारंग भगत’ सांस्कृतिक सत्संग प्रस्तुत किया जाएगा, वहीं दोपहर 2 बजे विशाल लंगर (भंडारा) का आयोजन होगा।
यह संपूर्ण आयोजन बंगला नंबर ए-29, वर्षा सोसायटी, पालनपुर पाटिया, रांदेर रोड, सूरत में संपन्न होगा। आयोजन का दायित्व जय साधणी माता सेवा समिति एवं लालवाणी परिवार द्वारा निभाया जा रहा है। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पूज्य साधणी माता वर्सी उत्सव में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button