मकर संक्रांति पर पुणा गांव एवं मगोब सानिया माहेश्वरी सभा का रक्तदान महायज्ञ, 441 यूनिट रक्त संग्रह

सूरत। मकर संक्रांति पर्व के पावन अवसर पर बुधवार, 14 जनवरी को श्री ॐ नन्देश्वर महादेव गौशाला में पुणा गांव माहेश्वरी सभा एवं मगोब सानिया माहेश्वरी सभा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समाजजनों के उत्साह से पहली बार रिकॉर्ड 441 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी ने बताया कि यह उपलब्धि समाज की एकजुटता और सेवा भावना का परिणाम है। पुणा गांव माहेश्वरी सभा अध्यक्ष दीपक डागा ने कहा कि पर्व के दिन भी समाजजनों एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान किया और दूसरों को भी प्रेरित किया।
मगोब सानिया माहेश्वरी सभा अध्यक्ष चैनसुख झंवर ने कहा कि गौशाला में गौ-सेवा के साथ मानव कल्याण की सेवा का यह अवसर अत्यंत प्रेरणादायी है। सभा सचिव सुनील बाहेती ने घोषणा की कि अब दोनों सभाएं प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर संयुक्त रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करेंगी।
कार्यक्रम में जिला माहेश्वरी सभा सचिव अतीन बाहेती, उपाध्यक्ष टीकम असावा, संगठन मंत्री मुरली लाहोटी, सह सचिव महेश खटोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं के अध्यक्ष, सचिव एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर घनश्याम शारडा ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।




