अर्जन संग विसर्जन की भावना को विकसित करता तेरापंथ पर्वत पाटिया महिला मंडल
मकर संक्रांति पर देवत्त गांव में सेवा-दान, राशन-कपड़े वितरण व स्वास्थ्य जागरूकता का आयोजन

सूरत। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल पर्वत पाटिया द्वारा सेवा-दान का कार्यक्रम देवत्त गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं अध्यक्ष सुमन जी ने संस्था की गतिविधियों से गांववासियों को अवगत कराया तथा नन्हे-मुन्ने बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित किया। इस अवसर पर परामर्शक कुसुम जी बोथरा ने 4 फरवरी कैंसर डे के उपलक्ष्य में महिला मंडल द्वारा प्रस्तावित कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत पैप स्मीयर टेस्ट की जानकारी दी और सभी महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

इसके पश्चात महिला मंडल की बहनों द्वारा गांववासियों में राशन सामग्री, कपड़े, बच्चों को बिस्कुट एवं तिल के लड्डू वितरित किए गए। कार्यक्रम की संयोजक अंजू जी धाकड़ एवं चेष्टा जी कदमालिया ने सभी दानदाताओं तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला मंडल मंत्री मधु झाबक ने दोनों संयोजकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पर्वत पाटिया महिला मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष सभी के सहयोग से ऐसे सेवा कार्य निरंतर किए जाते हैं। कार्यक्रम में कुल 25 बहनों की सहभागिता रही, जिसमें युवति बहनों का विशेष उत्साह देखने को मिला।




