साकेत संस्था की “माँ तापी शुद्धिकरण” विशेष मुहिम का शुभारंभ

सूरत। माँ तापी को स्वच्छ, निर्मल और पवित्र बनाए रखने के उद्देश्य से साकेत संस्था ने एक विशेष जागरूकता एवं शुद्धिकरण अभियान की शुरुआत की है। ‘नमामि तापी’ परियोजना के सहयोग से तापी नदी तट पर एक विशेष प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जहाँ श्रद्धालु पूजा के दौरान उपयोग में आने वाले पुष्प, धार्मिक सामग्री एवं पुरानी वस्तुएँ सुरक्षित रूप से जमा कर सकेंगे।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है कि धार्मिक आस्था निभाते समय लोग नदी को प्रदूषित किए बिना पूजा सामग्री का उचित निस्तारण कर सकें। प्लेटफॉर्म पर एकत्रित सामग्री का वैज्ञानिक तथा पर्यावरण अनुकूल तरीके से निपटान सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) द्वारा किया जा रहा है, जिससे नदी के प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।
साकेत ग्रुप के सांवर प्रसाद बुधिया ने कहा कि “माँ तापी केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी जीवनरेखा और आस्था का केंद्र है। इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने बताया कि यह मुहिम समाज को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूक और प्रेरित करने का सार्थक प्रयास है।संस्था का मानना है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से तापी नदी को स्वच्छ रखने की दिशा में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाया गया है।




