फोस्टा की वार्षिक साधारण सभा एवं व्यापार विकास महोत्सव का भव्य आयोजन
नई कार्यकारिणी का सम्मान, व्यापारियों के हित में नई पहल और टेक्सटाइल नीति पर मंथन; उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की मौजूदगी में विशेष पुस्तक का विमोचन

नई कार्यकारिणी का सम्मान, पूर्व पदाधिकारियों को विदाई ‘सफलता का संवाद’ में सफल उद्यमियों ने साझा किए संघर्ष और सफलता के अनुभव,
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) की वार्षिक साधारण सभा एवं व्यापार विकास महोत्सव का रविवार को डुमस रोड स्थित अद्विता हॉल में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर फोस्टा के पदाधिकारियों, निदेशकों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कपड़ा व्यापारियों की उपस्थिति रही।
फोस्टा के सह सचिव गिरीश मित्तल ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों, पदाधिकारियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं व्यापारियों का स्वागत किया। इसके बाद कोषाध्यक्ष नानालाल राठौड़ ने संस्था के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीए पुनीत गर्ग को संस्था का लेखा परीक्षक नियुक्त किया गया।
सभा के दौरान चुनाव अधिकारियों ने वर्ष 2026 से 2029 तक निर्विरोध निर्वाचित नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस अवसर पर फोस्टा के नवनियुक्त अध्यक्ष हंसराज जैन, महामंत्री दिनेश कटारिया और कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल सहित पूरी नई कार्यकारिणी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं वर्ष 2023 से 2026 तक संगठन को अपनी सेवाएं देने वाले निवृत्त पदाधिकारियों का भी सम्मान कर उनके योगदान एवं समर्पित सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया।
युवाओं को व्यापार और उद्यमिता की नई दिशा देने का प्रयास
फोस्टा द्वारा आयोजित व्यापार विकास महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को व्यापार, उद्यमिता, नवाचार और सफलता के नए अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें आगे बढ़ने की दिशा और प्रेरणा देना रहा। इसी उद्देश्य से ‘सफलता का संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले उद्यमियों ने अपनी सफलता की यात्रा, संघर्ष और अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में एपल ग्रुप के दीपक सेठा, सिग्नेचर मशीन के अशोक अडवाणी, एक्सवाईएक्सएक्स के संस्थापक एवं फोर बटन ग्रुप के योगेश काबरा तथा रिगान फैशन प्राइवेट लिमिटेड की करिश्मा धनकानी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं एवं व्यापारियों को नई सोच, नवाचार, मेहनत, निरंतर प्रयास और बदलते कारोबारी अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्षभाई संघवी उपस्थित रहे। उनके हाथों फोस्टा के वर्ष 2023 से 2026 के कार्यकाल के दौरान संगठन द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों, उपलब्धियों, व्यापारी हित में किए गए प्रयासों एवं प्रमुख पहलों को संकलित कर तैयार की गई विशेष पुस्तक का विमोचन किया गया। यह पुस्तक फोस्टा की सेवाओं, प्रयासों और व्यापारी हित में किए गए कार्यों का दस्तावेज है।
फोस्टा के चेयरमैन कैलाश हाकिम ने अपने संबोधन में सरकार एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कपड़ा बाजार में आर्थिक अनियमितताओं एवं व्यापारिक समस्याओं की रोकथाम के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने व्यापारियों को नई टेक्सटाइल नीति की जानकारी भी दी तथा फोस्टा द्वारा तैयार किए गए एप के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक व्यापारी इस एप का उपयोग करें तो सूरत के कपड़ा कारोबार में संदर्भ एवं व्यापारिक जानकारी की एक मजबूत व्यवस्था विकसित हो सकती है और व्यापारियों को कई समस्याओं से राहत मिल सकती है।
कार्यक्रम में फोस्टा के पदाधिकारियों, निदेशकों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कपड़ा व्यापारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वार्षिक साधारण सभा एवं व्यापार विकास महोत्सव संगठन की पारदर्शिता, व्यापारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता और नई पीढ़ी को व्यापार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।




