सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
कल शोभायात्रा के साथ होगा शुभारंभ, 31 मई तक चलेगा अखंड पाठ

सूरत। देवसर माता मंदिर परिसर में 16 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कल से प्रारंभ होकर 31 मई तक चलने वाले सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर आयोजित की गई थी। कार्यक्रम का आयोजन श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था, धार्मिक आयोजन, शोभायात्रा एवं अखंड पाठ को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार सुबह 7 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर परिसर से रवाना होकर श्री मेंहदीपुर बालाजी मंदिर तक पहुंचेगी।इसके बाद सुबह 9 बजे से गठजोड़ा द्वारा हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ किया जाएगा, जो 31 मई तक अखंड रूप से जारी रहेगा। आयोजन के दौरान 23 मई से 31 मई तक देवसर माता पाठ, रानी सती दादी पाठ, राम कथा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक परम श्रद्धेय गुरुजी संतोष भाई जी के सानिध्य में सम्पन्न हुई। बैठक में सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोकुलचंद बजाज, प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सूरत शाखा अध्यक्ष सुशील अग्रवाल तथा तापी उड़ान शाखा अध्यक्षा मनीषा कजरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।इसके अलावा राजेंद्र अग्रवाल, शिव कुमार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुनील बेरलिया, श्रीमती सुनीता बेरलिया, रमेश मोदी, आलोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां संभालने का संकल्प लिया।




