
सूरत।रिंग रोड मिलेनियम मार्केट स्थित फ़ोस्टा कार्यालय में जीएसटी विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कपड़ा व्यापारियों को जीएसटी से जुड़ी समस्याओं और जटिलताओं को समझते हुए उन्हें प्रभावी रूप से संबंधित विभाग तक पहुंचाना था।
बैठक में जीएसटी विभाग की ओर से डीजीटीएस के प्रिंसिपल एडीजी सुशील कुमार, जॉइंट एडीजी चंचल तिवारी तथा असिस्टेंट कमिश्नर, सीजीएसटी कमल अग्रवाल उपस्थित रहे।

फोस्टा के महामंत्री दिनेश कटारिया ने बताया कि सूरत कपड़ा बाजार में लहंगा पर जीएसटी दरों में हुए बदलाव के कारण व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार 2499 रुपये तक के लहंगे पर 5% जीएसटी लागू है, जबकि 2500 रुपये या उससे अधिक कीमत पर 18% जीएसटी लागू हो जाता है, जिससे कर संरचना जटिल बन रही है।
इसके अलावा लहंगे से जुड़े सहायक उत्पाद जैसे ठेली, फोम, फोटोग्राफी, पेपर कार्टून और पैकेजिंग बॉक्स पर 18% जीएसटी लागू होने के कारण 5% और 18% के बीच बार-बार कर गणना की समस्या उत्पन्न हो रही है।
फोस्टा ने सुझाव दिया कि इन सभी संबंधित उत्पादों को एक समान कर संरचना में लाकर 5% जीएसटी के दायरे में शामिल किया जाए। साथ ही लहंगे पर 7500 रुपये तक 5% जीएसटी लागू करने की मांग भी रखी गई, जिससे मिडिल और लोअर क्लास व्यापारियों को राहत मिल सके और व्यापार सुचारु रूप से चल सके।
बैठक में टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी और आरएंडडी सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे सूरत के कपड़ा उद्योग को नई दिशा मिल सके और नई पीढ़ी को मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले। इसके अलावा आईटीसी-04 से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उन्हें उच्च स्तर पर पहुंचाकर समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
फोस्टा द्वारा जल्द ही एक सर्वे फॉर्म जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से व्यापारियों से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से जानकारी एकत्र की जाएगी। इस सर्वे का उद्देश्य जीएसटी से जुड़ी जमीनी समस्याओं को एक मंच पर लाकर सरकार के समक्ष मजबूत तरीके से प्रस्तुत करना है।
इस बैठक में फोस्टा के महामंत्री दिनेश कटारिया, उपाध्यक्ष गुलशन नंदवानी, नरेश चंगुलानी,सह सचिव हंसराज जैन,डायरेक्टर मोहनसिंह राजपुरोहित, नीरज अग्रवाल, शिवराज पारिक,सीए राजेश भाऊवाला,राहुल अग्रवाल,रोहित पोरवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




