निरव शाह के जन्मदिन पर ‘संप्रति छाछ भक्ति केंद्र’ का शुभारंभ, गर्मी में राहत की पहल
मुफ्त ठंडी मसाला छाछ वितरण, नागरिकों के लिए विशेष सेवा अभियान शुरू

सांसद मुकेश दलाल ने किया उद्घाटन, एक माह तक प्रतिदिन हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
सूरत। शहर के पूर्व डिप्टी मेयर एवं संप्रति फाउंडेशन के चेयरमैन निरव शाह के जन्मदिन के अवसर पर सेवा भाव से प्रेरित “संप्रति छाछ भक्ति केंद्र” का शुभारंभ किया गया। “छाछ करावे हाश” मंत्र के साथ शुरू किए गए इस सेवा अभियान का उद्देश्य भीषण गर्मी में शहरवासियों को राहत प्रदान करना है।
अडाजण पाटिया स्थित जैनाचार्य चंद्रोदय अशोकसूरी चौक, धनमोरा कॉम्प्लेक्स परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुकेश दलाल के करकमलों द्वारा किया गया। यह आयोजन संप्रति फाउंडेशन एवं के पी ग्रुप के सहयोग से किया गया।
इस सेवा केंद्र पर नागरिकों के लिए कूलर की ठंडी हवा, बैठने की व्यवस्था तथा निशुल्क ठंडी मसाला छाछ उपलब्ध कराई जा रही है। आयोजकों के अनुसार, आगामी लगभग एक माह तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक करीब 2500 से 3000 लोगों को छाछ वितरित की जाएगी, जिसमें 10 से 15 स्वयंसेवक सेवा देंगे।

निरव शाह ने बताया कि संप्रति फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से ऐसे जनसेवा कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है और भविष्य में भी इससे बड़े स्तर पर सेवाभावी कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अफ्फान फारूक पटेल, झाला साहब, वैशाली शाह सहित राजू प्रियदर्शी, अशोक शाह, देवेंद्र बोकड़िया, हर्ष मेहता एवं पूर्व ड्रेनेज कमिटी चेयरमैन केयूर चपटवाला सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।




