कपड़ा व्यापारी,हनीट्रैप कांड की महिला सहित 54 आरोपियो को पासा के तहत जेल

सूरत। स्थानीय स्वराज्य चुनाव से पहले शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूरत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले 14 दिनों में 54 असामाजिक तत्वों को पासा (PASA) के तहत गिरफ्तार कर विभिन्न जेलों में भेज दिया है। इन आरोपियों में ठगी, हनीट्रैप, सूदखोरी और छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराधों में शामिल लोग शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई आगामी चुनाव के मद्देनजर की गई है, ताकि शहर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 281 आरोपियों के खिलाफ पासा के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
कार्रवाई के दौरान कपड़ा व्यापारियों से माल खरीदकर फरार होने वाले आरोपी, सूदखोरी में संलिप्त व्यक्ति, हनीट्रैप कांड की महिला मास्टरमाइंड तथा हत्या के प्रयास के आरोपी सहित कई लोगों को पासा के तहत गिरफ्तार कर भुज और अहमदाबाद की विभिन्न जेलों में भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


