businessक्राइमसूरत सिटी

फ्लैट दिलाने के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी, बिल्डर गिरफ्तार

सूरत। शहर में फ्लैट दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। एक ठगबाज बिल्डर ने व्यापारी सहित दो लोगों से 1.25 करोड़ रुपये की राशि वसूलने के बाद भी फ्लैट न देकर धोखाधड़ी की। मामले में पुलिस ने आरोपी बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से तीन दिन के रिमांड भी हासिल किए हैं।
खटोदरा पुलिस के अनुसार, जिमखाना रोड क्षेत्र निवासी 72 वर्षीय व्यापारी अरविंदभाई नटवरलाल चेवली और उनके एक मित्र ने दमन स्थित स्कायडेक प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के लिए निवेश किया था। दोनों ने क्रमशः 60.54 लाख रुपये और 65.10 लाख रुपये का भुगतान किया।
आरोप है कि बिल्डर भरत मोहनदास भारवानी उर्फ भरत सिंधी और उसके सहयोगी विजय हरेन्द्रलाल मेहता ने 3 जुलाई 2017 से 20 फरवरी 2023 के बीच कुल 1,25,64,000 रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद न तो फ्लैट सौंपे गए और न ही रकम वापस की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने संबंधित फ्लैट पीड़ितों की जानकारी के बिना अन्य लोगों को बेचकर उनके नाम दस्तावेज भी कर दिए।
मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध शाखा (इको सेल) के अधिकारियों ने मुख्य आरोपी भरत भारवानी उर्फ भरत सिंधी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button