महावीर जयंती पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा विशाल रक्तदान शिविर, 205 यूनिट रक्त संग्रह

सूरत। पावन पर्व महावीर जयंती के शुभ अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, सूरत एवं सकल दिगंबर जैन समाज, सूरत के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पुण्य अवसर पर समाज के युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान शिविर के दौरान कुल 205 यूनिट (बोटल) रक्त एकत्रित किया गया, जो एक सराहनीय उपलब्धि मानी जा रही है। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा और कई लोगों को नई जिंदगी देने में सहायक बनेगा। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में महावीर हॉस्पिटल एवं किरण हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा। दोनों संस्थाओं ने अपनी अनुभवी चिकित्सा टीम, आवश्यक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराकर रक्तदान शिविर को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



