माहेश्वरी नवयुवक मंडल का भव्य होली स्नेह मिलन समारोह सम्पन्न
वीएनएसजीयू ग्राउंड में 6000 से अधिक समाजबंधुओं की सहभागिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेवा कार्यों ने बढ़ाई शोभा

सूरत। माहेश्वरी नवयुवक मंडल, सूरत द्वारा वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (VNSGU) ग्राउंड में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में माहेश्वरी समाज के 6000 से अधिक सदस्य शामिल हुए और होली के पर्व को प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महेश की वंदना से हुई। मंडल के अध्यक्ष हरि प्रकाश पेड़ीवाल ने सभी अतिथियों और समाजबंधुओं का स्वागत किया। सचिव विष्णु प्रसाद राठी ने बताया कि समाज की युवतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी और प्रस्तुति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे समारोह और भी आकर्षक व यादगार बन गया।
आयोजन के दौरान सभी आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट भोजन और ठंडाई की विशेष व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर छायडो संस्था द्वारा अल्थान में निर्माणाधीन अस्पताल के लिए पंखों की व्यवस्था हेतु 11 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक संस्था अध्यक्ष भरतभाई शाह को भेंट किया गया।
समारोह में सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज और सचिव अतीन बाहेती की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान संस्था के भामाशाहों को साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विशेष अतिथियों में वीएनएसजीयू के वाइस चांसलर किशोर सिंह चावड़ा,फ़ोस्टा डायरेक्टर जगदीश कोठारी, गुजरात कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक कोठारी, रामरतन भूतड़ा, नरेंद्र साबू, राधेश्याम राठी, महेंद्र झंवर, मुरली सोमानी सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। निवर्तमान अध्यक्ष भगवती प्रसाद गग्गड़ तथा पूर्व अध्यक्षों ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई और व्यवस्था की सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष दिनेश चांडक, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा, सह-सचिव घनश्याम पेड़ीवाल, नवयुवक मंडल की कार्यकारिणी, मनोनीत एवं आमंत्रित सदस्यों ने विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। आयोजन का संपूर्ण प्रबंधन दिनेश राठी ने संभाला।
मंच संचालन श्वेता आनंद जाजू और कृष्ण राठी द्वारा किया गया। अंत में सचिव विष्णु राठी ने सभी समाजबंधुओं, भामाशाहों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।



