श्री श्याम भक्त मित्र मंडल का 36वां वार्षिक उत्सव
श्याम भक्ति, सेवा और श्रद्धा का दिव्य संगम

सूरत।भक्ति जब भावों में ढलती है, तो वह केवल उत्सव नहीं रहती, बल्कि ईश्वर से साक्षात्कार बन जाती है। सिटी लाइट स्थित अग्रसेन पैलेस के पंचवटी हॉल में रविवार को श्री श्याम भक्त मित्र मंडल का 36वां गौरवशाली वार्षिक उत्सव अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम “श्याम तेरे कितने नाम” के माध्यम से बाबा श्याम के विविध रूपों और महान भक्तों की अमर गाथाओं का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
उत्सव का मुख्य आकर्षण कोलकाता की प्रसिद्ध नृत्य नाटिका रही। इसमें कर्मा बाई रो खीचड़ो, कृष्ण–सुदामा की अटूट मित्रता, मीरा की अनन्य भक्ति और धन्ना जाट की श्याम भक्ति जैसे प्रसंगों को नृत्य नाटिका के माध्यम से जीवंत किया गया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल द्वारा बाबा श्याम के भव्य दरबार के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन से हुआ। सूरत के सुप्रसिद्ध भजन गायक सत्तू जी (राधे–राधे) एवं अर्चना अग्रवाल ने अपनी मधुर वाणी से भजनों की गंगा बहाई। इसके पश्चात श्याम अग्रवाल एवं कोलकाता से पधारी राधाश्री ने नृत्य नाटिका के साथ भजनों की सुंदर जुगलबंदी प्रस्तुत की।
“थाली भर कर लाई खीचड़ो…”, “अरे द्वारपालों कह दो कन्हैया से…”, “झाड़ो दे दे श्याम जाटणी मरजासी…” और “ऐसी लगी लगन मीरा हो गई मगन…” जैसे भजनों पर पूरा हॉल ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों और करतल ध्वनि से गूंज उठा।
मंडल के सचिव विनोद गुप्ता ने बताया कि बाबा का नयनाभिराम दरबार सूरत के विशेष कारीगरों द्वारा अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया गया था। बाबा श्याम को छप्पन भोग एवं सवामणी का भोग अर्पित किया गया। उत्सव के दौरान इंदौर की इत्र फुहार, चंग धमाल और फूलों की होली ने ब्रज जैसा अलौकिक वातावरण रच दिया।

महाप्रसाद एवं बाबा का खजाना
संयोजक राजकुमार अग्रवाल एवं पुरुषोत्तम अग्रवाल के नेतृत्व में विभिन्न समितियों ने सुव्यवस्थित रूप से सभी व्यवस्थाएं संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। मीडिया प्रभारी दिलीप मोदी ने बताया कि रात्रि 9 बजे भक्तों के बीच ‘बाबा का खजाना’ वितरित किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं ने बाबा के महाप्रसाद का लाभ लिया।
इस भव्य आयोजन में पूर्व राजस्थान भाजपा अध्यक्ष एवं वर्तमान हरियाणा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने भी बाबा श्याम के दरबार में उपस्थित होकर नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।




