भव्य पोथी यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम गोभक्ति महोत्सव आज से
22 से 30 सितंबर तक अग्रसेन पैलेस पंचवटी हॉल में होगा आयोजन, प्रतिदिन कथा, प्रभातफेरी और गोपुष्टि यज्ञ

सूरत। गौऋषि परम श्रद्धेय स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज की प्रेरणा से लोक पूण्यार्थ न्यास शाखा, सूरत द्वारा श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के सेवार्थ नौ दिवसीय श्रीराम गोभक्ति महोत्सव का आयोजन 22 से 30 सितंबर तक अग्रसेन पैलेस, पंचवटी हॉल में किया जाएगा। इस अवसर पर परम पूज्य गोवत्स श्री राधाकृष्णजी महाराज प्रतिदिन श्रीराम कथा का अमृतपान कराएंगे।
आयोजन के मुख्य मनोरथी श्रीमती गीता देवी गजानंदजी कंसल (कंसल ग्रुप), जयप्रकाशजी अग्रवाल (रचना ग्रुप) और सुभाषजी अग्रवाल (सुभाष साड़ी) हैं।सूरत शाखा के चेयरमैन राकेश कंसल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 22 सितंबर को दोपहर 2 बजे सिटी लाइट स्थित श्री राणी सती मंदिर से भव्य पोथी यात्रा के साथ होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्त श्रीरामचरितमानस ग्रंथ को शिरोधार्य कर यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन धर्म की रीढ़ हैं और उनका संरक्षण प्रत्येक सनातनी का परम कर्तव्य है।
अध्यक्ष संदीप पोद्दार एवं विपिन जालान ने जानकारी दी कि 23 से 30 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे प्रभातफेरी, प्रातः गोपुष्टि यज्ञ और शाम 6:30 बजे गौ माता की दिव्य आरती होगी। वहीं 27 सितंबर को शाम 7 बजे विशेष गरबा महोत्सव का आयोजन रखा गया है।
मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षि ने बताया कि यह महोत्सव गोलोकवासी गोभक्त गजानंदजी कंसल एवं राधावल्लभजी जालान की स्मृति को समर्पित है। कथा के दौरान श्रीराम कथा महात्म्य, तुलसी चरित्र, शिव-पार्वती विवाह, राम जन्मोत्सव, बाललीला, धनुष यज्ञ, श्रीराम-सीता विवाह, वनवास, भरत मिलाप, शबरी मिलन, हनुमान चरित्र, लंका विजय और श्रीराम राज्याभिषेक जैसे पावन प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।




