
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट मुंबई–अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत–बिलिमोरा खंड पर ट्रायल रन की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री मोदी 15 नवंबर को सूरत के अंत्रोली स्थित बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा करेंगे और यहां से बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डेडियापाड़ा भी जाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी की अध्यक्षता में सुरक्षा, यातायात, मीडिया समन्वय और कार्यक्रम व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को उनके दायित्व सौंपे गए।
प्रधानमंत्री के अंत्रोली पहुंचने के लिए हवाई और सड़क दोनों मार्गों की तैयारी की गई है। सूरत एयरपोर्ट से स्टेशन की दूरी लगभग 24 किलोमीटर है। मौसम अनुकूल रहने पर प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे अंत्रोली आएंगे, अन्यथा सड़क मार्ग से आगमन की व्यवस्था रखी गई है। अंत्रोली बुलेट ट्रेन स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिसमें आधुनिक प्रतीक्षालय, नर्सरी, शौचालय, रिटेल दुकानें, लिफ्ट और एस्केलेटर शामिल हैं। स्टेशन की डिजाइन में प्राकृतिक रोशनी और वेंटिलेशन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
स्टेशन को भारतीय हरित भवन परिषद (IGBC) के मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है, जिसमें वर्षा जल संचयन, कम पानी वाले सैनिटरी फिक्स्चर और पर्यावरण-अनुकूल पेंट का उपयोग शामिल है। बाहरी और आंतरिक संरचना में सूरत की पहचान ‘हीरा नगरी’ को दर्शाने वाले डायमंड फेसेट पैटर्न का उपयोग किया गया है। सूरत नगर निगम (SMC) और सूरत शहरी विकास प्राधिकरण (SUDA) के सहयोग से स्टेशन परिसर को मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन योजना के तहत मेट्रो, बस, टैक्सी और अन्य परिवहन साधनों से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
स्टेशन का संरचनात्मक कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि आंतरिक सज्जा और सुविधाओं का कार्य तेजी से चल रहा है। ट्रैक बेड निर्माण और अस्थायी ट्रैक बिछाने का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के इस महत्वपूर्ण दौरे से परियोजना की गति और तेज होने की उम्मीद है। ट्रायल पूरा होने के बाद सूरत से बिलिमोरा की दूरी मात्र 10 मिनट में तय होने की संभावना है, जो वास्तव में “नए भारत की नई रफ्तार” का प्रतीक बनेगा।




