सूरत सिटी

कांग्रेस में बड़ा बदलाव : अमित चावड़ा बने नए प्रदेश अध्यक्ष

तुषार चौधरी को विधायक दल का नेता बनाया

गांधीनगर। गुजरात कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए आलाकमान ने नए प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता की घोषणा कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आंकलाव से विधायक अमित चावड़ा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं खेड़भ्राम से विधायक और वरिष्ठ आदिवासी नेता डॉ. तुषार चौधरी को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है।

तुषार चौधरी को मिली अहम जिम्मेदारी

कांग्रेस ने अनुभवी नेता तुषार चौधरी को गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। तुषार चौधरी केंद्र में राज्य मंत्री रह चुके हैं और लम्बे राजनीतिक अनुभव के धनी माने जाते हैं। वे सबसे पहले वर्ष 2002 में व्यारा सीट से विधायक बने थे। इसके बाद 2004 में मंडवी लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। 2009 में बारडोली लोकसभा सीट से सांसद बने। वे 28 मई 2009 से 28 सितम्बर 2012 तक केंद्र सरकार में जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री और फिर सड़क परिवहन व राजमार्ग राज्य मंत्री रहे। 2022 में खेड़भ्राम से विधायक चुने गए थे।

कौन हैं अमित चावड़ा?

  • अमित चावड़ा का जन्म 24 अप्रैल 1976 को हुआ।
  • उन्होंने 1995 में केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की।
  • उनकी उम्र 49 वर्ष है।
  • वर्ष 2004 में पहली बार बोरसद विधानसभा सीट से विधायक बने।
  • 2007 में पुनः बोरसद से विधायक निर्वाचित हुए।
  • 2012, 2017 और 2022 में आंकलाव से लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीत विधायक बने।
  • अमित चावड़ा पूर्व में भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

कांग्रेस के इस फैसले को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में नई ऊर्जा भरने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button